उपज का उचित मूल्य मिलने से श्री धुर साय को मिला आर्थिक संबल
बलरामपुर । खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारु एवं तेज़ी से जारी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन द्वारा किसानों के हित में की जा रही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की पहल से जिले के किसान प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। उचित मूल्य मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है। विकासखंड बलरामपुर के ग्राम पीपरसोत निवासी किसान श्री धुर साय ने बताया कि वे इस वर्ष धान उपार्जन केन्द्र बलरामपुर में लगभग 75 क्विंटल धान की बिक्री के लिए पहुंचे। वे कहते है कि शासन द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने से उन्हें पिछले वर्ष उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हुआ है।
श्री धुर साय ने बताया कि इस वर्ष धान बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग वे आगामी फसल की तैयारी एवं कृषि कार्यों में निवेश के रूप में करेंगे। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था से किसानों का शासन के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है। प्राप्त राशि से वे न केवल अपने परिवार की दैनिक एवं घरेलू आवश्यकताओं को पूरा कर पा रहे हैं, बल्कि खेती-किसानी को और बेहतर बनाने की दिशा में भी कदम उठा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके परिवार को निरंतर मिल रहा है। उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है, वहीं पेंशन योजना से भी उन्हें नियमित लाभ मिल रहा है। इन योजनाओं से परिवार की आर्थिक सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित हुई है।
श्री धुर साय ने किसानों के हित में किए जा रहे शासन के प्रयासों तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में संचालित योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की नीतियों और योजनाओं से आज किसान आत्मनिर्भर बन रहा है और उसका भविष्य सुरक्षित हो रहा है।
