चार उर्वरक दुकानों के लाइसेंस 21 दिनों के लिए निलंबित



रायपुर। खरीफ सीजन 2026 में जशपुर जिले में कृषि आदानों की उपलब्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त निगरानी शुरू कर दी है। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर उप संचालक कृषि द्वारा विभिन्न विकासखंडों में कृषि आदान विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने तथा उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के तहत मेसर्स अन्नु कृषि केन्द्र, कांसाबेल, मेसर्स अन्नु सीड्स, कुनकुरी, मेसर्स मौसम बीज भंडार, कवई (विकासखंड बगीचा), मेसर्स कृषि कल्प एग्रीकल्चर प्वाइंट, मुंडा बहला (विकासखंड पत्थलगांव) के उर्वरक विक्रय लाइसेंस को 21 दिवस के लिए निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा रासायनिक उर्वरकों का विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। चेतावनी दी गई है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में आगे भी इस तरह की सघन जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post