गौरेला पेंड्रा मरवाही। गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत आन्दुल के किसान श्री दशरथ राठौर के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना खेती-किसानी में आर्थिक सहयोग का महत्वपूर्ण माध्यम बना है। श्री दशरथ राठौर लगभग 3 एकड़ भूमि में धान की खेती करते हैं। खेती से होने वाली आय के साथ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से उन्हें कृषि कार्यों की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति वर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, तीन समान किस्तों में दी जाती है। किसान श्री दशरथ राठौर को भी इस योजना के तहत प्राप्त राशि का उपयोग खेती-किसानी से जुड़े कार्यों में करने से आर्थिक रूप से काफी सहयोग मिलता है।
उन्होंने बताया कि खेती में बीज, खाद, कृषि सामग्री एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए समय-समय पर धनराशि की जरूरत पड़ती है। ऐसे समय में पीएम किसान सम्मान निधि से मिलने वाली राशि उनके लिए उपयोगी साबित होती है। इससे खेती के खर्चों को पूरा करने में उन्हें सहूलियत मिलती है और कृषि कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने में सहायता प्राप्त होती है। योजना से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए श्री दशरथ राठौर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी को धन्यवाद दिया। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना जैसे प्रयास किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने में सहायक है।
