इंदौर। देश में खाद्य तेलों का आयात जुलाई 2026 में बढ़कर पिछले 10 महीने के उच्च स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया है क्योंकि त्योहारी सीजन से पूर्व रिफाइनर्स द्वारा बेहतर स्टॉक निर्माण के लिए क्रूड पाम तेल (सीपीओ) एवं क्रूड सोया तेल का आयात बढ़ाने का प्रयास किया गया। डीलर्स/विश्लेषक के अनुसार जून के मुकाबले जुलाई में पाम तेल का आयात 50 प्रतिशत उछलकर 7.33 लाख टन पर पहुंचा जो पिछले पांच महीनों में सबसे ज्यादा है। इसी तरह सोयाबीन तेल का आयात भी 32 प्रतिशत की भारी वृद्धि के साथ 5.01 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जो गत 7 महीनों का ऊंचा स्तर है। इस अवधि में सूरजमुखी तेल का आयात भी 4 प्रतिशत सुधरकर 2.53 लाख टन पर पहुंच गया।
इस तरह भारत में जून के मुकाबले जुलाई के दौरान खाद्य तेलों का कुल आयात 34 प्रतिशत बढ़कर 14.90 लाख टन के करीब पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है जो पिछले 10 महीनों का शीर्ष स्तर है। इस अवधि में तीनों प्रमुख खाद्य तेलों की आयात में बढ़ोत्तरी हुई। खाद्य तेलों के आयात का यह अनुमानित आंकड़ा सिर्फ समुद्री मार्ग से हुए शिपमेंट पर आधारित है और इसमें नेपाल से स्थायी या सड़क मार्ग से होने वाला खाद्य तेलों का शुल्क मुक्त आयात शामिल नहीं है।
यह ध्यान रखना भी अवश्यक है कि उपरोक्त आंकड़ा उद्योग-व्यापार क्षेत्र के विश्लेषकों द्वारा लगाए गए अनुमान पर आधारित है जबकि साल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) की मासिक रिपोर्ट मध्य अगस्त में सामने आएगी जिसमें जुलाई के दौरान हुए खाद्य तेलों के आयात का विस्तृत विवरण दिया जाएगा।
इधर, बुधवार को इंदौर खाद्य तेल मार्केट में उठाव कमजोर रहने से सोया और मूंगफली तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। मूंगफली तेल में करीब 20 रुपये और सोया तेल में 10 रुपये की गिरावट प्रति दस किलो पर दर्ज की गई। हालांकि बड़ी मंदी की गुंजाइश नहीं है।
देशभर में सोयाबीन की आवक बढ़कर 1 लाख 210हजार बोरी की रही जिसमें से मध्यप्रदेश में आवक 65 हजार बोरी, महाराष्ट्र 25 हजार बोरी, राजस्थान 10 हजार बोरी और अन्य 10 हजार बोरी की दर्ज की गई। इंदौर छावनी मंडी में सरसों निमाड़ी (बारीक) 8100-8300, रायडा 7100-7300, सोयाबीन 7000, टोली 5300-5400 रुपये प्रति क्विंटल के भाव रहे।
लूज तेल (टैक्स अतिरिक्त)- मुंगफली तेल इंदौर 1710-1720, मुंबई मूंगफली तेल 1730, इंदौर सोयाबीन तेल रिफाइंड 1460-1465, इंदौर सोयाबीन साल्वेंट 1400-1405, इंदौर पाम तेल 1535, मुंबई सोया रिफाइंड 1500, मुंबई पाम तेल 1500, राजकोट तेलिया 2680, गुजरात लूज 1675, कपास्या तेल इंदौर 1620 रुपये प्रति दस किलो।
प्लांट सोयाबीन भाव – धानुका सोया 7125, नीमच प्रोटीन 7125, धीरेंद्र सोया 7125, सांवरिया 7225, बेतुल ऑयल 7200, प्रेस्टीज 7125, लिविंग फूड्स 7100, मित्तल 7100, आइडिया लक्ष्मी देवास 7100, अमृत 7075, कोरोनेशन ब्यावरा 7050, अवी एग्रों 7000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बोले गए।
कपास्या खली- (60 किलो भरती) इंदौर 2690, देवास 2690, उज्जैन 2690, खंडवा 2660, बुरहानपुर 2660, अकोला 3950 रुपये।
